केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने ब्रिक्स देशों के मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के पास ऐतिहासिक थोटलाकोंडा बौद्ध विरासत स्थल का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने प्राचीन बौद्ध अवशेषों को देखा, जिनमें महास्तूप, ध्यान केंद्र, कुएं और रसोई क्षेत्र शामिल थे। उन्हें इस स्थल के ऐतिहासिक महत्व और सदियों पहले वहां रहने वाले बौद्ध भिक्षुओं के जीवन के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. मंडाविया ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत थोटलाकोंडा में एक पौधा भी लगाया।
केंद्रीय मंत्री ने थोटलाकोंडा की समृद्ध बौद्ध विरासत की सराहना की और कहा कि भारत की बौद्ध विरासत पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। यह दौरा भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत विशाखापत्तनम में आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा है। इसमें 11 ब्रिक्स देशों के मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
आज शाम विशाखापत्तनम में ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक होगी। डॉ. मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, कल्याण और सतत विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए युवा विकास और सशक्तिकरण में सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।
कल विशाखापत्तनम में ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक होगी, जिसमें खेल के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होने की उम्मीद है। ये कार्यक्रम राष्ट्रीय अनुभवों को साझा करने, व्यावहारिक सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करने और युवाओं की भागीदारी, खेल विकास तथा समावेशी विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
